नेपाल में बागमती नदी के किनारे बस्तियों को खाली कराने के विरोध में प्रदर्शन

Spread the love

काठमांडू, 24 अप्रैल । नेपाल की राजधानी काठमांडू में बागमती नदी के किनारे रहे बस्तियों को खाली कराने के सरकार के फैसले के खिलाफ शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन हुआ है। थापाथली के बागमती किनारे रह रहे लोगों को अन्य लोगों का भी समर्थन मिला।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने विकास के नाम पर विस्थापन नहीं, अधिकार चाहिए, गरीबों पर अन्याय बंद करो, पुनर्वास के बिना हटाने का फैसला स्वीकार नहीं, जैसे प्लेकार्ड दिखाते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। राष्ट्रीय जेनजी नागरिक अभियान के सह-संयोजक ने कहा कि गरीबों के हित और अधिकारों के लिए उनका पूरा समर्थन है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार डोजर चलाने की धमकी देकर लोगों में डर फैला रही है। उन्होंने कहा कि वास्तविक सुकुमबासियों के उचित पुनर्वास और प्रबंधन के बाद ही आगे कोई कदम उठाया जाना चाहिए।

उधर, शनिवार सुबह से बस्तियां खाली कराए जाने की सूचना मिलने के बाद कुछ लोगों ने अपना सामान हटाना शुरू कर दिया है। भूमिहीन दलित, सुकुमबासी और अव्यवस्थित बसोबास करने वालों को हटाने के सरकार के फैसले के बाद वे अपने सामान दूसरी जगह ले जाने लगे हैं।

प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों को बुलाकर अतिक्रमित बस्तियां खाली कराने का निर्देश दिया था। प्रधानमंत्री के निर्देश के बाद शनिवार और रविवार को काठमांडू घाटी की सुकुमबासी बस्तियों को डोजर के जरिए हटाने की तैयारी की गई है।