विद्यार्थियों को पढ़ाई, तनाव प्रबंधन और लक्ष्य की दिशा दिखाती पुस्तक वन थॉट वन स्टेप

Spread the love

मंडी, 01 नवंबर । नीट विशेषज्ञ एवं मेंटर ठाकुर शक्ति सिंह की पुस्तक वन थॉट वन स्टेप अब उपलब्ध है। विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और अभिभावकों के लिए लिखी गई यह पुस्तक पढ़ाई के प्रभावी तरीकों, समय प्रबंधन, अनुशासन और चरित्र निर्माण पर केंद्रित है। पुस्तक में बताया गया है कि विद्यार्थी क्या और कैसे पढ़ें, अध्ययन की योजना कैसे बनाएं, नियमित अभ्यास और पुनरावृत्ति को अपनी दिनचर्या में कैसे शामिल करें तथा परीक्षा के तनाव और असफलता के डर से कैसे उबरें। स्कूल और बोर्ड की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में संतुलन बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

नीट, जेईई तथा आईआईएसईआर और एनआईएसईआर जैसे संस्थानों की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए इसमें लक्ष्य तय करने, एकाग्रता बढ़ाने, अपनी गलतियों से सीखने और निरंतर प्रयास करने के महत्व को सरल भाषा में समझाया गया है। साथ ही, मोबाइल और अन्य भटकावों के बीच पढ़ाई की अच्छी आदतें विकसित करने तथा आत्मविश्वास बनाए रखने पर मार्गदर्शन दिया गया है।

ठाकुर शक्ति सिंह ने अपने शिक्षण, मेंटरिंग और करियर काउंसलिंग के अनुभवों को इस पुस्तक का आधार बनाया है। पुस्तक का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ जीवन की चुनौतियों के लिए भी तैयार करना है। इसमें शिक्षकों और अभिभावकों के लिए बच्चों की कठिनाइयों को समझने तथा उन्हें सकारात्मक सहयोग देने का संदेश भी है। वन थॉट वन स्टेप अमेज़न, फ्लिपकार्ट और अस्तित्व प्रकाशन सहित विभिन्न ऑनलाइन मंचों पर उपलब्ध है।