विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विधायक विजय खेमका ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Spread the love

पूर्णिया, 14 अगस्त । जिला भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने भारत विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विभाजन के दौरान विस्थापन, हिंसा और अमानवीय पीड़ा झेलने वाले परिवारों को याद करते हुए कहा कि इस त्रासदी के इतिहास से वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को सीख लेने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व और मुस्लिम लीग की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन राजनीतिक नेतृत्व की तुष्टिकरण और सत्ता-केंद्रित नीतियों ने धर्म के आधार पर अलगाववादी राजनीति को बढ़ावा दिया, जिसका परिणाम देश के विभाजन के रूप में सामने आया। विधायक ने कहा कि विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान गई, करोड़ों लोग विस्थापित हुए और अनेक परिवारों, विशेषकर महिलाओं को अत्यंत कठिन एवं अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की पहल का उद्देश्य देशवासियों को उस त्रासदी और उसके दुष्परिणामों से अवगत कराना है, ताकि भविष्य में देश की एकता और अखंडता को किसी भी प्रकार से कमजोर करने वाली परिस्थितियां पैदा न हों। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर परिवारवाद तथा तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, एकता और अखंडता को सर्वोच्च रखते हुए जनता के बीच तथ्य और सत्य रखें।

इसी क्रम में घर-घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा नगर मध्य मंडल की ओर से शहर के महबूब खां टोला स्थित मां काली मंदिर से बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक विजय खेमका भी भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।