धमतरी, 23 अप्रैल ।भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को राहत देने के लिए नगर निगम ने बड़े स्तर पर पहल शुरू कर दी है। शहर के लगभग 10 प्रमुख तालाबों को नहर के पानी से भरने की प्रकि्रया जारी है। इसके तहत अब गंगरेल बांध का पानी नहर के माध्यम ये शहर के तालाबों तक पहुंच रहा है। पुराने नालों की सफाई और मरम्मत कार्य होने से तेजी से पानी बहकर तालाबों तक पहुंच रहा है।
तेज गर्मी के कारण कई तालाब सूखने लगे हैं, जिससे निस्तारी और पेयजल की समस्या गहराने लगी है। तालाबों के सूखने से आसपास के हैंडपंप और बोरवेल भी प्रभावित होते हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तालाबों को भरने की कवायद शुरू की है।
जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि महिमासागर तालाब, खोड़िया तालाब, लिमाही तालाब, शीतला तालाब, त्यागी तालाब सहित अन्य तालाबों को नहर के पानी से भरने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए नहर से पानी लाने वाले मार्गों की सफाई के साथ-साथ उनकी मरम्मत भी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से चर्चा के बाद नहर से पानी छोड़ने की स्वीकृति मिल चुकी है। तालाबों तक पानी पहुंचाने के लिए वैकल्पिक नालों की सफाई का कार्य दो टीमों द्वारा किया गया। नहर पानी के माध्यम से तालाबों के भरने से शहर में जल संकट से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है और लोगों को निस्तारी की सुविधा भी सुचारू रूप से मिल सकेगी।
शहर के तालाबों में पानी भरने का कार्य गुरूवार से शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार लिमाही तालाब, नया तालाब, त्यागी तालाब सोरिद वार्ड, मेमे सागर, शीतला तालाब, महिमा सागर वार्ड, खपरी तालाब टिकरापारा, आमातालाब अंबेडकर वार्ड, रमसगरी तालाब रामसागर पारा वार्ड, खोड़िया तालाब विंध्यवासिनी वार्ड, गंगा तालाब नवागांव वार्ड मे पानी भरा जाएगा।