जयपुर नगर निगम चुनाव शुक्रवार को: 551 संवेदनशील बूथों पर पुलिस-आरएसी तैनात

Spread the love

जयपुर, 10 सितंबर । जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए शुक्रवार को दूसरे चरण में मतदान होगा। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है। मतदान के लिए 2250 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 551 बूथ संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं। इन बूथों पर पुलिस के साथ आरएसी के जवान भी तैनात रहेंगे।

एडिशनल कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो-दो कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे। जिन बूथों पर मतदाताओं को प्रभावित करने या किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका है, उन्हें संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। मतदान के दौरान गड़बड़ी कर सकने वाले लोगों को पहले ही चिन्हित कर पाबंद कराया गया है और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत हर 10 बूथ पर एक मोबाइल पार्टी तैनात रहेगी। वहीं प्रत्येक 10 वार्ड पर एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारी को सुपरवाइजरी अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा शहर में छह स्थानों पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात की गई हैं, जो किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचेंगी।

पचार ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों को ब्रीफिंग देकर मतदान के दौरान किए जाने वाले कार्यों और बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई है। गुरुवार को सभी मतदान दलों को उनके पोलिंग बूथों के लिए रवाना किया गया। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच संग्रहण केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।