औरैया : मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय चोर गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, दो काे लगी गाेली

Spread the love

औरैया, 01 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए थाना बिधूना पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। कुल छह बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से लाखों रुपये की नकदी, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, अवैध असलहे, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी सूचना मिली कि बेला-बिधूना रोड से ग्राम डहारियापुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर कुछ बदमाश चोरी के माल और नगदी का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की गई, जिसमें मोमीन और विकास उर्फ गौरव उर्फ मामा ठाकुर के पैर में गोली लग गई। वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग कर चार अन्य आरोपित विधूना निवासी अमन सविता, अकरम अली, इमरान खान और मैनपुरी निवासी रोहित राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया।घायल बदमाशों को इलाज के लिए सीएचसी बिधूना भेजा गया।