राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ बढ़ा तापमान, जैसलमेर 40 डिग्री के पार

Spread the love

जयपुर, 20 सितंबर । मानसून की विदाई का दौर शुरू होने के साथ ही राजस्थान में मौसम साफ होने लगा है। धूप खिलने से प्रदेश के शहरों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को कई शहरों के पारे में दो से पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। जैसलमेर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं बारां, भरतपुर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को 40.3 डिग्री सेल्सियस के साथ जैसलमेर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि 29.2 डिग्री सेल्सियस के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। जयपुर में दिनभर धूप खिली रही। दोपहर बाद छितराए बादल छाए और हल्की हवाएं चलीं, लेकिन बारिश नहीं हुई। चित्तौड़गढ़ के कपासन में करीब आधा इंच बारिश दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पाकिस्तान-राजस्थान सीमा पर एंटी साइक्लोन बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे वातावरण में नमी का स्तर तेजी से कम होने लगता है। मौसम की ये परिस्थितियां मानसून की विदाई के अनुकूल मानी जा रही हैं।

मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी तीन-चार दिनों में राज्य के कुछ और भागों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आगामी पांच से सात दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भी अगले पांच से छह दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रह सकता है। हालांकि 20 और 21 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।