रामगंगा चेतावनी के निशान से 0.33 मीटर ऊपर, खतरे के निशान से सिर्फ 0.65 मीटर दूर

Spread the love

मुरादाबाद, 09 सितम्बर । पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश और मुरादाबाद जनपद में बीते दिनों हुई लगातार बारिश के बाद बुधवार काे रामगंगा का जलस्तर चेतवानी स्तर को पार कर गया है। नदी चेतवानी के निशान से 0.33 मीटर ऊपर बह रही है। खतरे के निशान से नदी सिर्फ 0.65 मीटर दूर रह गई है। रामगंगा के निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। वहीं दस गांव प्रभावित हैं।

मुरादाबाद जनपद में पिछले चार-पांच दिनों तक लगातार बारिश हुई है। ये बारिश पहाड़ों पर भी हो रही है। इससे नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसका असर रामगंगा नदी में देखने को मिल रहा है। रामगंगा कुछ स्थानों पर उफनाने लगी है। पिछले दो दिनों से इसके जलस्तर में लगातर वृद्धि हो रही है। बुधवार शाम छह बजे रामगंगा का जलस्तर 189.900 मीटर रिकॉर्ड किया गया था, जबकि सोमवार रात आठ बजे जलस्तर बढ़कर 189.93 मीटर हो गया। इसके बाद रामगंगा सामान्य से ज्यादा बाढ़ की स्थिति में बहने लगी। वहीं, रात दस बजे नदी का जलस्तर 189.950 पहुंच गया। रामगंगा अब खतरे के निशान से 0.65 मीटर दूर रह गई है, जबकि चेतावनी के स्तर से 0.33 मीटर ऊपर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से शहर के लालबाग, नवाबपुरा, दसवांघाट, चक्कर की मिलक, बंगलागांव के नीचले इलाकों में रामगंगा का पानी कई घरों की दीवारों से सटकर बह रही है।