एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, युवाओं ने दिया एकता और नशामुक्ति का संदेश

Spread the love

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर । लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को डीएवी पब्लिक स्कूल वसंत कुंज नई दिल्ली में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस एकता दौड़ में युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि यह दौड़ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित किया। यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं के लिए एक संदेश और प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल एक ऐसे आदर्श व्यक्तित्व हैं, जो हमें देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। यही कारण है कि इस दौड़ का विशेष महत्व है।

मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का अखंड भारत का संकल्प आज भी प्रत्येक पीढ़ी को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। युवा पीढ़ी की ऊर्जा, अनुशासन और सकारात्मक सहभागिता एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।

इस अवसर पर समाज कल्याण के व्यापक उद्देश्यों के संदर्भ में युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक कल्याण के महत्व को भी रेखांकित किया गया। नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाना न केवल युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है, बल्कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ का संदेश इसी दिशा में युवाओं को जागरूक और प्रेरित करने का प्रयास है।

मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।