सुपौल, 31 जुलाई । वीरपुर स्थित मॉडल प्लस टू उच्च विद्यालय में शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की उपस्थिति में विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया ।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ना था।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रभावी अध्ययन तकनीक, समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास, लक्ष्य निर्धारण तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीतिक तैयारी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि अनुशासित दिनचर्या, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय में फिजिक्स वाला की ऑनलाइन शिक्षण सुविधा का भी शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से वीरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को जेईई, नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए भी देश के श्रेष्ठ शिक्षण संसाधनों तक पहुँच आसान बना दी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाकर अपने ज्ञान और कौशल का विकास करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने की अपील की।
कार्यक्रम में एसडीएम विनय कुमार ,विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उपस्थित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए ऑनलाइन शिक्षण सुविधा के शुभारंभ का स्वागत किया।