राजगढ़, 30 अगस्त । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मलावर थाना पुलिस ने शनिवार की रात पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक भरे चार गोवंश को छुड़ाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी रजनेष सिरोठिया ने रविवार को बताया कि बीती रात भ्रमण के दौरान सूचना मिली कि कुंडीखेड़ा- लखनवास की ओर से एक पिकअप में गोवंश को अवैध रूप से भरकर ब्यावरा की तरफ ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पिकअप क्रमांक एमपी 12 जेडके 4206 को पकड़ा और वाहन से ठूंस-ठूंसकर भरे चार बछड़ों को जब्त किया। पुलिस ने वाहन चालकों से गोवंश के परिवहन और रखरखाव से संबंधित दस्तावेज मांगे,लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने मौके से सोनू पुत्र मांगीलाल यादव, जितेंद्र पुत्र एलानसिंह बडोले निवासी जलवाबुजुर्ग थाना मूंदी, जिला खंडवा और दुधराम पुत्र केरु देवडे निवासी डबाली थाना डेडतलाई, जिला बुरहानपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 9 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।