निशिन, 01 अक्टूबर । भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन खेल 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रनों से रौंदकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां स्वर्ण पदक मुकाबले में उनका सामना शनिवार को पाकिस्तान से होगा।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के नाबाद अर्धशतक (80 रन) और वैभव सूर्यवंशी को 38 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 169 रन बनाए, जवाब में श्रीलंकाई टीम 9.5 ओवर में केवल 45 रनों पर सिमट गई।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की खराब शुरुआत रही और जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में सिनेथ जयवर्धने (00) और सोहन डी लिवेरा (00) को पवेलियन भेज दिया। दूसरे ओवर में अक्षर पटेल गेंदबाजी करने आए और पहली ही गेंद पर लसिथ क्रूसपुल्ले (00) भी रन आउट हो गए। इसके बाद अक्षर पटेल ने चौथे ओवर में कप्तान सहान अराचिगे (09) और आशेन बंडारा (00) को पवेलियन भेजकर श्रीलंका का स्कोर 5 विकेट पर 18 रन कर दिया। पांचवें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर को दो छक्के लगाने के बाद नुवानिदु फर्नांडो 31 के कुल स्कोर पर 15 रन बनाकर रन आउट हो गए। सुंदर ने गेंद ऑफ स्टंप के बाहर डाली फर्नांडो ने बैकफुट पर जाकर बैकवर्ड पॉइंट की तरफ़ गेंद को धकेला और दौड़ पड़े, चमिका करुणारत्ने ने पहले तो प्रतिक्रिया दी लेकिन फिर रुक गए लेकिन तब तक फर्नांडो बीच पिच पर आ चुके थे, अक्षर के आसान थ्रो पर संजू सैमसन विकेट की गिल्ली उड़ाकर फर्नांडो को पवेलियन भेज दिया।
सातवें ओवर में 33 के कुल स्कोर पर सुंदर ने वनुजा सहान (01) को आउट कर श्रीलंका को सातवां झटका दिया। सहान ने रिवर्स स्वीप किया और गेंद सीधे फर्स्ट स्लिप में चली गई और अभिषेक शर्मा ने आसान-सा कैच पकड़ा। 10वें ओवर में 45 के कुल स्कोर पर तिलक वर्मा ने सीधे थ्रो पर थरिंदु रत्नायके को रन आउट कर श्रीलंका को आठवां झटका दिया। रत्नायके ने 5 रन बनाए। श्रीलंकाई पारी में यह तीसरा रन आउट था।
इसी ओवर में अगली दो गेंदों पर अभिषेक शर्मा ने दो विकेट लेकर केवल 45 रनों पर श्रीलंकाई पारी का अंत किया। अभिषेक के इस ओवर में केवल 5 गेंदों पर श्रीलंकाई टीम के 3 विकेट गिरे, अभिषेक की चौथी गेंद पर चमिका करुणारत्ने (04) को संजू सैमसन ने स्टम्प आउट किया और अगली ही गेंद पर बिनुरा फर्नांडो (00) बोल्ड हो गए। इस तरह श्रीलंका की टीम की टीम 9.5 ओवर में केवल 45 रनों पर सिमट गई।
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 और वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट लिया। तीन श्रीलंकाई बल्लेबाज रन आउट हुए।
भारत अब स्वर्ण पदक मुकाबले में शनिवार को पाकिस्तान से भिड़ेगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 4 विकेट से शिकस्त दी। वहीं, कांस्य पदक मुकाबले में श्रीलंका का सामना बांग्लादेश से होगा।
ईशान किशन के नाबाद 80 रन से भारत ने श्रीलंका को दिया 170 रन का लक्ष्य
इससे पहले ईशान किशन की 46 गेंदों में नाबाद 80 रन की शानदार पारी की बदौलत भारत ने एशियाई खेल 2026 के पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में श्रीलंका के सामने 170 रन का लक्ष्य रखा। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 169 रन बनाए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की बाएं हाथ की सलामी जोड़ी से की। श्रीलंका ने गेंदबाजी की शुरुआत स्पिनर थारिंदु रत्नायके से कराई, जिन्होंने पहले ओवर में सूर्यवंशी के एक चौका सहित पांच रन दिए।
अभिषेक ने अगले ओवर की शुरुआत छक्के से की लेकिन अगली ही गेंद पर सहान अराचिगे ने उन्हें आउट कर दिया।
अभिषेक ने तीन गेंदों में सात रन बनाए। इसके बाद संजू सैमसन क्रीज पर आए लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और रत्नायके ने अपने दूसरे ओवर में उन्हें पवेलियन भेज दिया। सैमसन ने भी सात रन बनाए।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने ईशान किशन से पहले बल्लेबाजी के लिए आकर वैभव सूर्यवंशी के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। इस साझेदारी में सूर्यवंशी ने अधिक आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने बिनुरा फर्नांडो के ओवर में दो चौके लगाए और इसके बाद रत्नायके के अगले ओवर में लगातार तीन चौके जड़ दिए। फर्नांडो के अगले ओवर में एक और चौका लगाकर सूर्यवंशी ने भारत को पावरप्ले में 58 रन तक पहुंचाया।
पावरप्ले के तुरंत बाद सहान अराचिगे ने सूर्यवंशी को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया। इसके बाद रन गति कुछ धीमी पड़ गई।
ईशान किशन ने कुछ बड़े शॉट लगाए लेकिन 10वें ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर भी आउट हो गए। अय्यर ने 13 गेंदों में 13 रन बनाए।
इसके बाद श्रीलंका के स्पिनरों ने कुछ ओवरों तक भारतीय बल्लेबाजों को बांधे रखा। 14वें ओवर में लसिथ क्रूसपुल्ले ने अक्षर पटेल को आउट किया। अक्षर ने 13 गेंदों में आठ रन बनाए। अगले ओवर में ईशान किशन ने रन गति बढ़ाने की कोशिश की और दो चौके लगाए लेकिन ओवर की अंतिम गेंद पर नुवानिडु फर्नांडो ने तिलक वर्मा को पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद शिवम दुबे ने ईशान का साथ दिया लेकिन वह भी नौ गेंदों में तीन रन बनाकर आउट हो गए। ईशान ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद लगातार तीन ओवरों में कम-से-कम एक चौका हासिल किया।
पारी के अंतिम ओवर में वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन ने एक-एक छक्का लगाकर भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 169 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 170 रन का लक्ष्य रखा।
ईशान किशन 46 गेंदों में पांच छक्कों और चार चौकों की मदद से 80 रन बनाकर नाबाद रहे।