जींद, 04 सितंबर । सिविल लाइन थाना पुलिस ने जिला कारागार परिसर में पैकिंग में बंद मोबाइल, चार्जर, डाटा केबल फैंकने पर जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर दो बंदियों समेत तीन लोगों के खिलाफ परिजर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जेल उपाधीक्षक ने पुलिस को दी शिकायत में शुक्रवार काे बताया कि गत दिवस बुर्ज नंबर तीन तथा चार के बीच बाहर से कुछ फैंके जाने का संदेह हुआ। जेल कर्मी जब सर्च करते हुए वहां पर पहुंचे तो उन्हें दीवार के निकट पैकिंग पड़ी दिखाई दी। जब उस पैकिंग को खोल कर देखा गया तो उसमें मोबाइल फोन, चार्जर, डाटा केबल बरामद हुई। जेल कर्मियों ने जांच को आगे बढाया तो बिहार निवासी कैदी विरेंद्र ने बताया कि जब वह चक्कीयों में दूध देने गया था तो बंदी गांव बुआना निवासी नवीन ने लंगर के पीछे बोलिंग कर फैंके गए सामान को उठा कर लाने को कहा था। जिस पर उसने सामान को लाने से मना कर दिया था। जिसके बाद बंदी नवीन से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बंदी गांव रामराये निवासी जतिन ने अपने किसी जानकार से करवाई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर बंदी नवीन तथा जतिन को नामजद कर एक अन्य के खिलाफ परिजनर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिविल लाइन थाना प्रभारी रामेहर ने बताया कि जेल की तरफ से शिकायत मिली थी। जिस पर दो बंदियों समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।