देहरादून, 04 नवंबर । उत्तराखंड पुलिस के उप निरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा को विवेचना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा। बहुगुणा वर्तमान में देहरादून स्थित अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) में तैनात हैं।
पुलिस मुख्यालय की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बहुगुणा को यह पदक वर्ष 2021 में देहरादून में पांच वर्षीय बालिका के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले की चुनौतीपूर्ण विवेचना वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सफलतापूर्वक पूरी करने के लिए दिया जा रहा है।
उनकी विवेचना के आधार पर न्यायालय ने मामले के अभियुक्त को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने उप निरीक्षक बहुगुणा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।