एसटीपी प्लांट का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करें: अजय भट्ट

Spread the love

अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में एडीबी से वित्तपोषित नैनीताल शहर के रूसी गांव में 96.15 करोड़ रुपये से एसटीपी का निर्माण किया जा रहा था। इसमें से 33 करोड़ रुपये का कार्य पूर्ण हो चुका था। लेकिन अगस्त 2023 में हुई अत्यधिक वर्षा के कारण भूस्खलन हो गया था, जिससे कार्य बाधित हुआ। इस कारण एसटीपी के वैकल्पिक निर्माण के लिए जैव प्रौद्योगिकी परिषद परिसर पटवाडांगर में लगभग एक अरब रुपये से एसटीपी का निर्माण प्रस्तावित है।

परियोजना की चिन्हित भूमि की अनापत्ति अभी प्राप्त नहीं हुई है। शासन के निर्देशों के क्रम में गठित समिति की ओर से संयुक्त स्थलीय निरीक्षण के बाद भूमि आवंटन संबंधी संस्तुति आख्या जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेज दी गई है।

उन्होंने बताया गया कि यह परियोजना एडीबी के ऋण के अंतर्गत संचालित है, जिसकी अवधि वर्ष 2028 तक है। भूगर्भीय सर्वेक्षण के लिए आईआईटी रुड़की के साथ 30 लाख रुपये का अनुबंध भी किया जा चुका है।

सांसद ने कहा कि उन्होंने इस विषय में प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर योजना की समयबद्ध पूर्णता की आवश्यकता से अवगत कराया है। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने और तय समय में परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।