श्राद्ध पक्ष में अनूठी गौ सेवा, 300 से अधिक गौवंश को खिलाया मालपुआ

Spread the love

मुरैना, 28 सितंबर । मध्य प्रदेश में श्राद्ध पक्ष के अवसर पर लायंस क्लब एलिट मुरैना की ओर से विशेष गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब अध्यक्ष लॉयन अंजना शिवहरे के नेतृत्व में हुए आयोजन में 300 से अधिक गौवंश को मालपुआ, गुड़, चना दाल, केला और पालक खिलाया गया। क्लब सदस्यों ने अपने हाथों से गौवंश को भोजन कराकर सेवा और करुणा का संदेश दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में गौवंश को प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। सदस्यों ने कहा कि भारतीय परंपरा में श्राद्ध पक्ष के दौरान गौ सेवा का विशेष महत्व माना जाता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए क्लब की ओर से यह सेवा कार्य आयोजित किया गया।

क्लब अध्यक्ष अंजना शिवहरे ने कहा कि लायंस क्लब एलिट सामाजिक सरोकारों के साथ जीव सेवा के कार्यों में भी निरंतर सहभागिता करता रहा है। श्राद्ध पक्ष में गौ सेवा के माध्यम से सदस्यों ने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा अर्पित करने के साथ समाज में सेवा, संवेदना और करुणा का संदेश देने का प्रयास किया।

क्लब सदस्यों ने कहा कि जीव सेवा के ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक भावना को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर सदस्यों ने भविष्य में भी इसी तरह के सेवा और जीव कल्याण से जुड़े कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।