मंत्री ए. के. शर्मा ने घोसी सहकारी चीनी मिल का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

Spread the love

मऊ, 20 जुलाई । उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने घोसी सहकारी चीनी मिल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मिल परिसर का भ्रमण करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि पेराई सत्र बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने चीनी मिल के प्लांट, मशीनरी, मैनपॉवर, संविदाकर्मियों की उपलब्धता, आंतरिक सड़कों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की जानकारी लेते हुए स्पष्ट कहा कि मिल के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा किसानों को बेहतर और समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री ए. के. शर्मा ने चीनी मिल के महाप्रबंधक को निर्देश दिया कि मिल के आधुनिकीकरण, आवश्यक मरम्मत, मशीनों के उन्नयन, मानव संसाधन की आवश्यकता, संविदाकर्मियों की व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित एक विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रस्ताव जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा ताकि मिल की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार हो सके।