विदिशाः अवैध क्लिनिक सील, एफआईआर दर्ज कराने थाना प्रभारी को पत्र प्रेषित

Spread the love

विदिशा, 05 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में अवैध रूप से संचालित क्लिनिक एवं बिना वैध दस्तावेजों के चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के क्रम में सोमवार को राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त दल द्वारा ग्राम सिरनोटा में कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि संयुक्त दल ने ग्राम सिरनोटा में उमेश यादव द्वारा संचालित क्लिनिक का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान क्लिनिक में उपचार के लिए पांच मरीज मौके पर पाए गए। क्लिनिक संचालन एवं चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए उमेश यादव से जानकारी एवं दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उनके द्वारा क्लिनिक संचालन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

मौके पर की गई जांच एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संयुक्त दल द्वारा पंचनामा तैयार किया गया तथा क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की गई। साथ ही नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी त्योंदा को एफआईआर दर्ज करने हेतु पत्र प्रेषित किया गया है। इस कार्रवाई में तहसीलदार आनंद जैन, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलेश गुर्जर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमेन्द्र तिवारी तथा फार्मासिस्ट राहुल साहू उपस्थित रहे।