राजगढ़ःविकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, पचोर में भाजपा का जिला स्तरीय सम्मेलन

Spread the love

राजगढ़, 14 जून । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर नगर में रविवार को उत्सव वाटिका में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले भर से आए पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा की गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीब, शोषित और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया गया है। राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलें युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि सांसद रोडमल नागर रहे। कार्यक्रम में राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार, विधायक अमरसिंह यादव, मोहन शर्मा, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष केदार काका, प्रदेश महामंत्री मोना सुस्तानी, दीपसिंह चैहान ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अमित शर्मा ने किया। अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।