बलरामपुर, 21 अगस्त । संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में आज शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने छह दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। इस दौरान मंत्री ने लाभार्थियों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
मंत्री ने दिव्यांगजनों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, रोजमर्रा की जरूरतों और आने-जाने में होने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों को अपने दैनिक कार्य करने और आवागमन में सुविधा देने में मददगार होंगे।
इस दौरान सौनी निवासी धनेश्वर सोनी को बैसाखी, भनौरा निवासी निशांत पैकरा और बड़की महरी निवासी महिमा दास को व्हीलचेयर दी गई। वहीं भनौरा निवासी गौरीशंकर और फनु सिंह को स्टिक तथा सौनी निवासी ममता पाल को स्मार्टफोन प्रदान किया गया।
सहायक उपकरण मिलने पर लाभार्थियों ने खुशी जताई और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों के लिए रोजमर्रा के काम और आवागमन पहले की तुलना में आसान होंगे।