फतेहाबाद, 24 जनवरी । गाड़ी बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने तथा पीडि़त को धमकाने के मामले में कार्रवाई करते हुए टोहाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान संगरूर निवासी राजू पुत्र रोही राम के रूप में हुई है। शनिवार को थाना शहर टोहाना के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि इस बारे में पुलिस ने दिनेश कुमार निवासी पुरानी अनाज मंडी, टोहाना की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी अशोका लीलैंड गाड़ी का सौदा रोहताश निवासी लैहरागागा के साथ बिचौलिये राजू के माध्यम से हुआ था। आरोपियों द्वारा न तो गाड़ी की किस्तें भरी गईं और न ही पूरी रकम अदा की गई, बल्कि पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकियां दी गई। शिकायत की जांच एवं कानूनी राय के उपरांत थाना शहर टोहाना में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए टोहाना पुलिस ने मामले के बिचौलिये व मुख्य सहयोगी आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।