बच्चों को विद्यालय लाना सिर्फ काम नहीं अनिवार्यता : उपायुक्त

Spread the love

पलामू, 24 अप्रैल । जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के नगर भवन में उपायुक्त पलामू दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय स्कूल रूआर कार्यशाला का संपन्न हुआ। इस दौरान एसी कुंदन कुमार, एसडीओ हुसैनाबाद, एलआरडीसी प्यारेलाल, डीईओ सौरभ प्रकाश और कोषागार पदाधिकारी की मौजूदगी रही।

कार्यक्रम में एडीपीओ अंबुज्या पांंडेय ने विद्यालय स्तर पर 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होने वाले स्कूल रूआर कार्यक्रम पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। शिक्षक परशुराम तिवारी ने कार्यशाला का संचालन किया।

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को विद्यालय लाना और उन्हें भली-भांति शिक्षित करना सिर्फ काम नहीं, वरन अनिवार्यता है। उन्होंने कहा कि सभी स्टेक होल्डर्स का नैतिक उत्तरदायित्व है कि वे बच्चों को विद्यालय में नियमित करने में अपना योगदान दें।

उन्होंने समयबद्ध तरीके से लक्ष्य प्राप्ति के लिए निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा ऐसी हो कि बच्चे आगे चलकर आत्मनिर्भर बनें।

डीएसई संदीप कुमार ने शिक्षा की सार्वभौमिक पहुंच के लिए ईमानदार सामूहिक प्रयास को सुनिश्चित करने पर बल दिया। कहा कि काम का परिणाम भी हो।

अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ रहे बच्चों के शत-प्रतिशत पारगमन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उनकी बुनियादी शिक्षा सुचारू रूप से प्राथमिक विद्यालयों में शुरू हो सके। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि कक्षा 1 से 11 वीं तक के प्रत्येक बच्चे का अगली कक्षा में नामांकन सुनिश्चित किया जाए। यू-डाइस के ड्रॉप बॉक्स में मौजूद बच्चों को अनिवार्य रूप से स्कूल के डाटा सिस्टम से जोड़ने की जिम्मेदारी शिक्षकों को सौंपी गयी है। कार्यशाला में पीपीटी के माध्यम से किस स्तर से क्या-क्या किया जाना है, इसकी विस्तृत जानकारी दी गयी।

मौके पर एपीओ उज्ज्वल मिश्रा, मनोज मिश्र और केके चांद, सदर क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी साकेत कुमार सिंह, पांकी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी प्रेमचंद कुमार, अजप्टा अध्यक्ष सुधीर दूबे, पीरामल फाउंडेशन के चक्रधर साहू, शिल्पा सिंह, तृप्ति कुमारी, शिव कुमार ,मुकेश सिन्हा, विजय शुक्ला और विनोद तिवारी सहित काफी संख्या में शिक्षा पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।