मनरेगा महिला मेटों के बीच टूल किट का वितरण

Spread the love

खूंटी, 24 अप्रैल । जिले के मुरहू प्रखंड सभागार में शुक्रवार को लीड्स संस्था के सहयोग से मनरेगा महिला मेटों की अर्धवार्षिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रंजीत कुमार सिन्हा की उपस्थिति में किया गया।

बैठक के दौरान बीडीओ रंजीत कुमार सिन्हा ने सभी महिला मेटों को मनरेगा योजनाओं से जुड़े मजदूरों का ई-केवाईसी (ई-केवाईसी) कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि एनएमएमएस (एनएमएमएस) ऐप के माध्यम से योजनाओं के कार्यों का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने महिला मेटों को अपने कार्यों के माध्यम से गांव, पंचायत और स्वयं को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रखंड की 16 पंचायतों की कुल 20 सक्रिय महिला मेटों को तकनीकी सहयोग के लिए मेट किट दिया गया। किट में बैग, नापी टेप, कैलकुलेटर, स्केल और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल हैं।

लीड्स संस्था के रंजीत भेंगरा ने बताया कि अप्रैल 2026 से मनरेगा में नए दिशा-निर्देश लागू किए जाएंगे। इसके लिए राज्य स्तर से अधिकारी महिला मेटों को प्रशिक्षण देने आएंगे। उन्होंने कहा कि इन नए प्रावधानों में महिला मेटों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और मस्टर रोल का संधारण अनिवार्य रूप से एनएमएमएस के माध्यम से किया जाएगा।

जिला परिषद सदस्य नेलानी देमता ने महिला मेटों को अपने कार्यों के प्रति गंभीर रहने और पंचायतों में मनरेगा योजनाओं में ठेकेदारों के हस्तक्षेप की सूचना प्रशासन को देने की अपील की।

कार्यशाला में लीड्स संस्था के अनंत कुमार तांती, नंदलाल मांझी, बसंत मांझी, लालिमा देवी और प्रतिभा मैम सहित मुरहू प्रखंड की 16 पंचायतों के मुखिया और कई महिला मेटों ने भाग लिया।