जींद : तीन करोड़ 20 लाख रूपये की लागत से होगा अनाज मंडी का विकास

Spread the love

जींद, 24 अप्रैल । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शुमार है। खरीद प्रक्रिया को समुचित ढंग से संपन्न करवाने हेतू मंडियों में आवश्यक विकासात्मक कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मनोहरपुर अनाज मंडी में करीब तीन करोड़ 20 लाख रुपये की धन राशि से विकास कार्य कराए जाएंगे। जिससे किसानों और आढ़तियों को लाभ मिलेगा।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा शुक्रवार को मनोहरपुर अनाज मंडी में विकास कार्यों का शुभारंभ करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर अनाज मंडी के विकसित होने से आसपास के लगभग 10 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मंडी में पक्का मैदान बरसाती पानी के लिए नाली, लेवलिंग, पक्का रास्ता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। सुविधाएं उपलब्ध होने से किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी और मंडी में किसानों द्वारा लाई जाने वाली फसल भी साफ-सुथरी रहेगी, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हितों में अनेकों योजनाएं चलाई गई हैं।भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों को फसलों के उचित दाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक सुरक्षा दी जा रही है। इसके अलावा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल के जरिए किसानों को अपनी फसल का पंजीकरण करने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है। कृषि विभाग द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत किसानों को उनकी जमीन की गुणवत्ता के अनुसार उर्वरक उपयोग की जानकारी दी जा रही है।