ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन: सिंधु सेमीफाइनल में, तान्वी का सफर समाप्त

Spread the love

सिडनी, 12 जून । ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

शुक्रवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में सिंधु ने चीनी ताइपे की चेन सू यू को एकतरफा अंदाज में 21-6, 21-9 से हराया। पूरे मुकाबले में सिंधु ने शुरुआत से अंत तक दबदबा बनाए रखा और प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। हाल के महीनों में यह सिंधु की सबसे प्रभावशाली जीतों में से एक रही।

अब सेमीफाइनल में सिंधु का मुकाबला जापान की शीर्ष वरीय खिलाड़ी अकाने यामागुची से होगा।

दूसरी ओर भारत की युवा खिलाड़ी तान्वी शर्मा का शानदार अभियान क्वार्टरफाइनल में समाप्त हो गया। यामागुची ने तान्वी को 21-14, 21-14 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।

पूर्व विश्व चैंपियन यामागुची ने अपने अनुभव और लगातार सटीक खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले की शुरुआत से नियंत्रण बनाए रखा। तान्वी ने कई अच्छे रैलियां खेलीं, लेकिन यामागुची की मजबूत रक्षा और निरंतरता के सामने वह बढ़त नहीं बना सकीं।

हालांकि हार के बावजूद तान्वी का क्वार्टरफाइनल तक पहुंचना भारतीय बैडमिंटन के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। युवा खिलाड़ी ने टूर्नामेंट के दौरान कई शानदार जीत दर्ज कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

सिंधु के लिए यह इस सत्र में खेले गए आठ बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट में केवल दूसरा सेमीफाइनल है। इससे पहले प्री-क्वार्टरफाइनल में उन्हें भारतीय खिलाड़ी ईशरानी बरुआ के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा था, लेकिन क्वार्टरफाइनल में उन्होंने पूरी तरह अलग अंदाज में जीत दर्ज की।

———–