पलामू, 16 जून । पलामू समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने की। बैठक में अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गयी।
जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मई माह में खनन कार्यालय की कार्रवाई में 80 वाहनों को जब्त किया गया है। इसमें 04 प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है। वहीं 24.19 लाख रुपये की वसूली की गयी है। परिवहन कार्यालय की ओर से 60 वाहनों को जब्त कर उनसे 8.91 लाख रुपये की वसूली की गयी है। हरिहरगंज में अवैध खनन और परिवहन से जुड़े कुल 06 वाहनों को जब्त किया गया है।
मौके पर उपायुक्त ने अवैध बालू खनन और परिवहन के विरुद्ध नियमित रूप से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने मानसून अवधि में एनजीटी के निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करते हुए संवेदनशील बालू घाटों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि बीते दिनों हुसैनाबाद अंचल में एक बंद पड़े माइंस में एक व्यक्ति के डूबने से मौत हो गयी थी। इसी तरह की घटना दोबारा नहीं हो। उन्होंने माइंस क्लोजर रिपोर्ट का पूर्ण रूप से पालन करने की बात कही।
बैठक में विभिन्न अंचलों एवं थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई, जब्ती, प्राथमिकी एवं ट्रेंच कटिंग की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों से कार्रवाई की रिपोर्ट शून्य प्राप्त हो रही है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए तथा संबंधित पदाधिकारी सक्रिय रूप से अभियान संचालित करें।
उपायुक्त ने अवैध खनन रोकने के लिए चिन्हित स्थलों पर अतिरिक्त ट्रेंच कटिंग कराने, अस्थायी चेकनाका को सुदृढ़ करने, सीसीटीवी अधिष्ठापन एवं रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया। ओवरलोड वाहनों और बिना ई-ट्रांजिट चालान के परिवहन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एसपी कपिल चौधरी, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।