योग शिविर में 80 लोगों ने लिया हिस्सा

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 16 जून । गोलमुरी क्लब में सत्यानंद योग केंद्र की ओर से आयोजित विशेष योग शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को योग, प्राणायाम और ध्यान की गहन साधनाओं का अभ्यास कराया गया। शिविर में लगभग 80 साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग की विभिन्न विधियों के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त करने का प्रयास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक शांति पाठ से किया गया। इसके बाद स्वामी जी ने साधकों को शरीर को पूर्ण रूप से स्थिर रखने की साधना का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह जीवन को बेहतर बनाने की एक संपूर्ण प्रक्रिया है।

उन्होंने कहा कि यदि नियमित योगाभ्यास करने के बावजूद व्यक्ति के व्यवहार, विचार और संबंधों में सकारात्मक परिवर्तन नहीं आता है, तो योग की वास्तविक भावना अधूरी रह जाती है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे योग साधक की पहचान उसके शांत, संतुलित, विनम्र और सौम्य आचरण से होती है। योग का उद्देश्य केवल शारीरिक लचीलापन बढ़ाना नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और भावनाओं का संतुलन स्थापित करना भी है।

योग के व्यावहारिक सत्र में उष्ट्रासन और शशांकासन का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने इन आसनों के शारीरिक और मानसिक लाभों की भी जानकारी दी। प्राणायाम सत्र में नाड़ी शोधन, शीतली, शीतकारी और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिससे साधकों ने मानसिक शांति और ऊर्जा संतुलन का अनुभव किया। वहीं ध्यान सत्र में अंतर्मौन के छह स्तरों का क्रमिक अभ्यास कराकर साधकों को आत्मनिरीक्षण और आंतरिक जागरूकता की दिशा में प्रेरित किया गया।

शिविर में शामिल साधकों ने योग, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न तकनीकों को सीखने के साथ-साथ उनके दैनिक जीवन में उपयोग की उपयोगिता को भी समझा।

आयोजन को सफल बनाने में मलय डे, अश्विनी शुक्ला, राज शर्मा, प्रिंस अग्रवाल एवं मनोज झा सहित सत्यानंद योग केंद्र की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।