बांसवाड़ा, 21 जुलाई । जिले के कुशलगढ़ क्षेत्र में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज होने के चार दिन बाद उसके पिता का शव घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
पुलिस के अनुसार कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के पाड़ला गांव निवासी आलिया (55) का शव मंगलवार सुबह घर के निकट एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि 17 जुलाई को आलिया की 19 वर्षीय बेटी रितिका की मौत के मामले में परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब पिता का शव मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के अनुसार रितिका 17 जुलाई की सुबह खेत पर गई थी। शाम करीब पांच बजे उसका शव खेत में खाट पर पड़ा मिला था। युवती के गले में रुमाल बंधा हुआ था तथा गले पर नाखून जैसे निशान दिखाई दिए थे। इसी आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया था।
मृतक आलिया के भतीजे राजदीप ने आरोप लगाया कि रितिका की हत्या के मामले में उनके चाचा को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी या सुराग मिले थे। इसी कारण उनकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि पूरे मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके और सच्चाई सामने न आए।
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पिता और बेटी की संदिग्ध मौतों से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। एक ही परिवार में चार दिन के भीतर हुई दो मौतों से परिजन सदमे में हैं और ग्रामीणों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।