मुख्यमंत्री धामी ने आवास पर तिरंगा फहराकर दिया ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश

Spread the love

देहरादून, 13 अगस्त । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जन-जन का अभियान बन चुका है। यह अभियान नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे में प्रदेश का प्रत्येक परिवार अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करे।

धामी ने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने, राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करने तथा परिवार के बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है और इससे राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव की भावना और मजबूत होगी।————–