नई दिल्ली, 22 अगस्त । दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को उत्तर पश्चिम क्षेत्र के रोहिणी सेक्टर-8 में आयोजित एंटी डेंगू माह जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने मच्छरों की रोकथाम एवं उनकी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया।
इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका मच्छरों को पनपने से रोकना है।
प्रवेश वाही ने कहा कि मच्छरजनित बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया एडीज और एनोफिलीज मच्छरों के माध्यम से फैलती हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर और उसके आसपास पानी जमा ना होने दें ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।
महापौर ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आने वाले हफ्ते में उत्तर पश्चिम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी धार्मिक स्थलों जैसे मंदिरो, गुरुद्वारों इत्यादि में मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग करने के आदेश भी दिए ताकि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम की जा सके।।
साथ ही महापौर ने मच्छरों की रोकथाम के लिए एवं उनसे संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए 01127050132 और 01127050133 हेल्पलाइन नंबर जारी किया। महापौर ने कहा कि नागरिक इस नंबरों पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
एंटी डेंगू माह जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद नरेंद्र सोलंकी, उत्तर पश्चिम क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही, उप स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कनिका, आर डब्लू ए के प्रतिनिधि सहित निगम के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।