हमीरपुर, 27 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कंसवध मेले के अवसर पर हर वर्ष होने वाले 51 घंटो के अनवरत कबीरी भजनों का कार्यक्रम रविवार शाम सम्पन्न हो गया जिसमें क्षेत्रीय और दूरदराज से आए संतों ने भजन गायकी कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी मोहन बाबू ने किया।
हर साल मौदहा कस्बे के मीरा तालाब में कंसवध मेले के अवसर पर 51 घंटे के कबीरी भजनों के कार्यक्रम के साथ ही संत समागम और भण्डारे का आयोजन किया जाता है जो इस वर्ष सकुशल सम्पन्न हो गया। मीरा तालाब गुदडी बाबा परिसर में शुक्रवार दोपहर में शुरू हुआ भजनों का कार्यक्रम रविवार शाम को सम्पन्न हो गया इस दौरान संस्थापक बहादुर शाह रूमी और आयोजक समाजसेवी मोहन बाबू का पूरा सहयोग रहा। जबकि दिनेश शाह, ब्रजलाल, ओमप्रकाश करगांव, कुंदन शाह अछरौड, कमल पढोरी, दुर्गा फत्तेपुर, त्यागीनंद महाराज नंदेहरा, गिरधर दास चंदपुरवा के अतिरिक्त क्षेत्रीय और बाहर से आए भजनियों ने भजन प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया इस दौरान सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने भजनों का रसपान किया।