जयपुर, 16 नवंबर । राजस्थान हाईकोर्ट ने जेडीए और नगर निगम को कहा है कि वह दो सप्ताह में सोडाला से गुर्जर की थडी स्थित न्यू सांगानेर रोड के अतिक्रमण हटाकर अदालत में पालना रिपोर्ट पेश करें। ऐसा नहीं करने पर अदालत ने जेडीए आयुक्त, सचिव और नगर निगम आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से 7 दिसंबर को हाजिर होकर जवाब देने को कहा है। इसके साथ ही अदालत ने मामले में कुछ प्रभावितों की ओर से पक्षकार बनने के प्रार्थना पत्रों को खारिज कर दिया है, हालांकि अदालत ने इन्हें इंटरवीनर के तौर पर अदालत में पक्ष रखने की छूट दी है। जस्टिस इन्द्रजीत सिंह और जस्टिस संगीता शर्मा की खंडपीठ ने यह आदेश सुरेश चन्द्र रावत की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए।
सुनवाई के दौरान जेडीए की ओर से अधिवक्ता अमित कुडी ने अदालत में प्रार्थना पत्र पेश कर अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा। प्रार्थना पत्र में कहा गया कि अतिक्रमण से जुडी 93 आपत्तियों को क्षेत्राधिकार के चलते नगर निगम भेजा है। इसके अलावा जेडीए की ओर से मौके से अतिक्रमण हटाने के लिए 13 नवंबर को कार्रवाई करना तय किया गया था। मौके पर विरोध की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर पुलिस बल की मांग की गई थी, लेकिन वर्तमान में पंचायत चुनाव होने के चलते पुलिस बल नहीं मिल पाया। ऐसे में उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया जाए। वहीं करीब एक दर्जन प्रभावितों की ओर से प्रार्थना पत्र पेश कर पक्षकार बनाने की गुहार की गई। जिसे कोर्ट ने अस्वीकार करते हुए इंटरवीनर के तौर पर अपना पक्ष रखने की छूट दी है।
जनहित याचिका में कहा गया कि शहर के मास्टर प्लान में सोडाला से गुर्जर की थडी तक की रोड सौ फीट चौडी है। यहां स्थित विश्वानगर की रोड भी तीस फीस चौड़ी है। मौके पर अतिक्रमण और पार्किंग से रोड की चौडाई घटकर काफी कम रह गई है। जिससे यहां आए दिन ट्रैफिक जाम रहता है।