पलामू, 22 नवंबर । पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुना खरडीहा गांव में गृह प्रवेश समारोह का भोज खाने के बाद 50 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। रविवार सुबह अचानक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद 19 लोगों को गंभीर हालत में छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कई अन्य ग्रामीणों का स्थानीय स्तर पर और आसपास के इलाकों में इलाज चल रहा है।
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने रविवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 50 से अधिक लोग बीमार पड़े हैं। मामले की जांच के लिए छतरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी सह प्रशिक्षु आईएएस ऋतिक मेहता को निर्देश दिया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, गांव के विमलेश यादव के नवनिर्मित घर में गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था। इसमें गांव के लोगों के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। समारोह में पूड़ी, बुंदिया, सब्जी सहित कई पकवान बनाए गए थे। शनिवार को भोज खाने के बाद कुछ लोगों की तबीयत हल्की खराब हुई थी, लेकिन उस समय स्थिति सामान्य थी।
रविवार सुबह अचानक एक-एक कर ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या 50 से अधिक हो गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए 19 लोगों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य बीमार लोगों का गांव और आसपास के क्षेत्रों में इलाज किया जा रहा है।
बीमार लोगों में दिलीप कुमार, रोशन कुमार, रेणु कुमारी, ललिता देवी, मंजू देवी, उर्मिला देवी, सतेंद्र यादव, प्रदीप यादव, निशा कुमारी, आकाश कुमार, शुभम कुमार, बिंदु देवी, केशरी यादव, रंजीत कुमार, किशुन यादव और बरती देवी सहित अन्य लोग शामिल हैं।
छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त भोजन का प्रतीत हो रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का उपचार किया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम जमुना खरडीहा गांव भेजी गई है। टीम वहां बीमार लोगों की जांच कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने समारोह में बचे हुए भोजन को नष्ट करा दिया है। साथ ही भोजन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे दिया गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लोगों के बीमार होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। हालांकि, पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने लोगों के बीमार होने की वजह फूड प्वाइजनिंग बताई है।
नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि विमलेश यादव के घर गृह प्रवेश समारोह में भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बीमार हुए हैं। प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।———–