खूंटी , 22 नवंबर । संघ भवन में रविवार को सेवा भारती की जिला स्तरीय बैठक सुभाष मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
बैठक में जिले में सेवा भारती के कार्यों को आगे बढ़ाने और सेवा भाव के साथ सामाजिक गतिविधियों को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान जिले के प्रत्येक प्रखंड में बाल संस्कार केंद्र, सिलाई केंद्र और किशोरी विकास केंद्र खोलने की योजना बनाई गई। उपस्थित सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों में सेवा कार्यों का विस्तार किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी सदस्य मिलकर प्रयास करेंगे, ताकि प्रत्येक प्रखंड में इन केंद्रों की शुरुआत हो सके।
साथ ही समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा कार्यों का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में महामंत्री रूपा श्रीदास, सचिव सुरेश कुमार महतो, राधा टोप्पो, प्रमिला सुरीन, बंधना सुरीन, विक्रम राम, अरिंदम दास, योगेश मिश्रा, सुनील कुमार साहू तथा जिला संयोजक मुसाफिर विश्वकर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।