सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालना वाला आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

शिमला, 22 नवंबर । सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और किसी के खिलाफ कथित झूठे आरोप प्रसारित करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पुलिस ने फेसबुक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के मामले में 47 वर्षीय सुशील शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विवादित पोस्ट और वीडियो खुद अपलोड किए थे और बाद में उन्हें डिलीट कर दिया था।

पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार आरोपी ने आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के नाम से संचालित फेसबुक पेज पर शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े कथित असत्य आरोप और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित की थीं। जांच के दौरान आरोपी ने विवादित पोस्ट और वीडियो खुद अपलोड करने तथा बाद में उन्हें हटाने की बात स्वीकार की। आरोपी शिमला के ठियोग उपमण्डल का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को इससे पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया गया था। इसमें उसे भविष्य में इस तरह की गतिविधियां नहीं करने और मामले से जुड़े साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद उसके खिलाफ इसी प्रकृति के अन्य मामले भी दर्ज हुए। आरोपी के विरुद्ध सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के संबंध में 18 नवंबर को भी एक मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपी द्वारा पहले जारी नोटिस की शर्तों का उल्लंघन करने, डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने और इसी तरह की गतिविधियों को दोहराने के मद्देनजर उसे गिरफ्तार किया गया। सुशील शर्मा को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।