भोपाल, 27 नवम्बर । नवंबर के अंतिम सप्ताह में मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेज हो गया है। बीती शुक्रवार रात प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। कटनी जिले का करौंदी 6.8 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। अगले दो से तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में पिछले दो दिनों से शीतलहर का असर बना हुआ है। शुक्रवार को भोपाल के अलावा शाजापुर, दमोह और कटनी में भी शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है।
प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। दमोह में पारा 7 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 7.4 डिग्री और शाजापुर के गिरवर में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा, जबकि रीवा में 9 डिग्री, खजुराहो और रायसेन में 9.6 डिग्री तथा जबलपुर और उमरिया में 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नौगांव, राजगढ़, ग्वालियर, गुना, मलाजखंड, दतिया, मंडला, सतना, सीधी, श्योपुर, छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, टीकमगढ़, खरगोन, खंडवा, शिवपुरी और धार में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
राजधानी भोपाल में इस साल भी नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। 23-24 नवंबर की रात न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि अगली रात यह 8.8 डिग्री रहा। आंकड़ों के अनुसार, 17 नवंबर 2025 को भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री और 29 नवंबर को 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं, 2018 से 2023 के बीच नवंबर में न्यूनतम तापमान सामान्य तौर पर 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। ठंड बढ़ने के कारण शहर के कई स्कूलों ने सुबह की कक्षाओं के समय में बदलाव करते हुए शुरुआत 7:30 बजे के बजाय 8 बजे से करने का फैसला किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के तापमान पर भी पड़ रहा है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने का अनुमान है। ऐसा होने पर प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। आने वाले दिनों में सुबह के समय धुंध छाए रहने और दिन में ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में भी गिरावट महसूस हो सकती है।