बांग्लादेश के ढाका में औद्योगिक अशांति, सावर और गाजीपुर में 300 से ज्यादा कारखाने बंद रहे

Spread the love

ढाका (बांग्लादेश), 27 नवंबर । राजधानी ढाका के बाहरी इलाकों में स्थित सावर और गाजीपुर औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों के लगातार विरोध-प्रदर्शन और नए वेतन ढांचे की घोषणा के बावजूद कल 300 से अधिक गारमेंट कारखाने बंद रहे। गाजीपुर में गारमेंट मजदूरों ने कई जगह प्रदर्शन किया। इससे कुछ कारखानों में उत्पादन ठप हो गया। औद्योगिक जिले के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों को जाम करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, बासन थाना प्रभारी हारून-उर-रशीद ने पुलिस की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मजदूर अधिक वेतन की मांग को लेकर कई जगहों पर सड़कों पर जमा हो गए थे। इस अशांति के कारण आने-जाने वालों को भी काफी परेशानी हुई। कई लोगों ने प्रभावित इलाकों से बचने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लिया। बांग्लादेश गारमेंट एंड स्वेटर वर्कर्स ट्रेड यूनियन सेंटर के महासचिव काजी रूहुल अमीन ने कहा कि नया वेतन ढांचा मजदूरों के जीवनयापन के खर्च को सही ढंग से नहीं दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन तय करते समय बांग्लादेश श्रम अधिनियम, 2006 की धारा 141 में बताए गए नौ मानदंडों पर ठीक से विचार नहीं किया गया। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे मजदूरों के जीवनयापन के खर्च को ध्यान में रखते हुए वेतनमान पर फिर से विचार करें। बताया गया है कि सावर में कल सात कारखानों के मजदूरों ने काम बंद कर दिया। अशुलिया इंडस्ट्रियल पुलिस-1 के अधीक्षक मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम भुइयां ने बताया कि अशांति के चलते ‘श्रम अधिनियम’ की धारा 13(1) के तहत पहले से बंद घोषित किए गए 22 कारखाने कल भी बंद रहे।

इस बीच, सावर के एक गारमेंट कारखाने में तोड़फोड़, कर्मचारियों पर हमले और चोरी के आरोप में चार नामजद और 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एकेएच स्टिच आर्ट लिमिटेड के पदाधिकारी मो. नूरुल अमीन ने सावर मॉडल पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज कराया। आरोप है कि फैक्टरी में घुसने से पहले लोगों ने देसी बम फोड़े। तोड़फोड़ की। सामान लूटा। कर्मचारियों के साथ मारपीट की। पुलिस इंस्पेक्टर मोहम्मद मुशर्रफ हुसैन ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि घटना के दौरान फैक्टरी के सुरक्षा गार्डों ने चार लोगों को पकड़ा और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए ये चारों लोग फैक्टरी के कर्मचारी हैं। बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष महमूद हसन खान ने बताया कि अशुलिया, सावर और गाजीपुर जैसे प्रमुख कपड़ा और गारमेंट केंद्रों में अभी भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा, “कल इन इलाकों में 300 से अधिक फैक्टरियां बंद रहीं।

इस बीच श्रम और रोजगार मंत्री आरिफुल हक चौधरी ने उम्मीद जताई कि शनिवार तक सभी फैक्टरियों में उत्पादन फिर से शुरू हो जाएगा। ढाका के श्रम भवन (श्रामो भवन) में नए वेतन ढांचे पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से एक ऐसा अनुकूल माहौल बनाने का आग्रह किया जिससे स्वार्थी तत्वों को उद्योग को नुकसान पहुंचाने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि वेतन बोर्ड ने बहुत कम समय में नए वेतन की घोषणा की और एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए वेतनमान (पे स्केल) तैयार किया। 25 नवंबर को वेतन बोर्ड ने गारमेंट कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मासिक वेतन 12,500 टका से बढ़ाकर 17,000 टका कर दिया था।