नालंदा, बिहारशरीफ 14 सितंबर । नालंदा जिला प्रशासन की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिलाधिकारी उदिता सिंह, की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों, जन शिकायतों, राज्य स्तरीय सहयोग पोर्टल, सेवा संकल्प अभियान, राजस्व महाभियान, राशन कार्ड, विद्युत तथा शिक्षा से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं कैलेंडर की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने अभियान को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रखंड एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यरत कर्मियों में से दो-दो कर्मियों को दस्तावेजीकरण एवं संबंधित कार्यों के लिए प्रशिक्षित कराने का निर्देश दिया, ताकि अभियान के दौरान कार्यों का सही तरीके से रिकॉर्ड संधारित किया जा सके।
इस मौके पर डीएम ने कहा कि किसी भी मामले के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से राज्य स्तरीय सहयोग पोर्टल से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। अनुमंडल स्तर पर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यक निर्णय शीघ्र लेते हुए मामलों को आगे बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत योजना से संबंधित मामलों की समीक्षा में बताया गया कि पिछली समीक्षा के दौरान लंबित मामलों की संख्या 13 थी, जो वर्तमान में घटकर 7 रह गई है। जिलाधिकारी ने शेष सभी मामलों का निष्पादन इसी सप्ताह के अंदर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संबंधित पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी मामलों का समाधान कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर सी.एम. डैशबोर्ड पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिक संख्या में लंबित मामलों के कारणों की जानकारी ली।
बताया गया कि इनमें अधिकांश मामले पुलिस प्रशासन से संबंधित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मामलों के त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बल्क मिल्क वॉयलिंग एवं कूलिंग यूनिट के लिए चिह्नित भूमि से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
हीं, नगरनौसा में डिग्री कॉलेज के लिए भूमि संबंधी प्रस्ताव अब तक प्राप्त नहीं होने पर उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, हिलसा से जानकारी ली।अनुमंडल पदाधिकारी, हिलसा द्वारा बताया गया कि भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है तथा विभागीय दिशा-निर्देश प्राप्त करने के लिए पत्र भेजा गया है। दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही प्रस्ताव भेज दिया जाएगा।
राशन कार्ड से संबंधित समीक्षा में जिलाधिकारी ने केवाईसी की प्रगति को 39 प्रतिशत से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। साथ ही एक अनुमंडल से दूसरे अनुमंडल के बीच कार्य प्रतिशत के अंतर के कारणों की जानकारी ली।
उन्होंने राजगीर, हिलसा एवं बिहारशरीफ अनुमंडल में अपेक्षाकृत अधिक अंतर रहने के कारणों की समीक्षा की तथा प्रखंड स्तर पर भी कम प्रगति के कारणों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से मांगी।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर योजना में आवेदन प्राप्त होने के बाद कन्वर्जन रेट कम रहने के कारणों की जानकारी ली। संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि राज्य सब्सिडी प्राप्त होने में विलंब के कारण कन्वर्जन की गति प्रभावित हो रही है।
इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों में कम-से-कम 50 प्रतिशत कन्वर्जन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बिहारशरीफ ग्रामीण एवं राजगीर क्षेत्र में कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।