594 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ दो युवक गिरफ्तार

Spread the love

सुपौल, 14 सितंबर । सदर थाना क्षेत्र के बैरिया पंचायत में पुलिस ने नशीले एवं प्रतिबंधित इंजेक्शन की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बैरिया पंचायत के वार्ड संख्या 11 निवासी विनोद मंडल के 20 वर्षीय पुत्र पप्पू कुमार तथा बलवा पंचायत के वार्ड संख्या 8 स्थित डुमरिया गांव निवासी कार्तिक मंडल के 19 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार सदर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि बैरिया पंचायत क्षेत्र में प्रतिबंधित इंजेक्शन की खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने बैरिया पंचायत क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों युवकों को संदिग्ध गतिविधियों में पकड़ा।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए। बड़ी संख्या में प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद होने के बाद पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इंजेक्शन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि बरामद खेप किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है।

सदर थानाध्यक्ष ने सोमवार दोपहर बताया कि बरामद सभी 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त कर लिए गए हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।