सूरजपुर, 16 जून । आज मंगलवार को आमजन की सुविधा और आवश्यक सेवाओं की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतापपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर ईंधन आपूर्ति बहाल कराई। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर के नेतृत्व में नायब तहसीलदार प्रतापपुर, खाद्य निरीक्षक एवं पटवारियों की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर शिवम फ्यूल्स पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पेट्रोल पंप परिसर में शाम लगभग 7 बजे एक टैंकर ईंधन लेकर पहुंच चुका था, लेकिन रात लगभग 11 बजे तक पंप को ड्राई रखा गया था। इस कारण आम नागरिकों को पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध नहीं होने की जानकारी देकर वापस लौटाया जा रहा था, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने मौके पर तत्काल हस्तक्षेप किया और आवश्यक निर्देश जारी किए। प्रशासन की पहल पर टैंकर से पेट्रोल पंप के भंडारण टैंकों में ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित कराई गई, जिसके बाद आम नागरिकों के लिए नियमित रूप से पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता शुरू हो गई।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में ईंधन आपूर्ति सामान्य हो गई और लोगों को राहत मिली। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।