हर बूथ की नब्ज टटोलकर जीत की राह तलाशेगी भाजपा

Spread the love

अयोध्या, 10 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने पार्टी कार्यालय सहादतगंज में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को आगामी चुनाव को लेकर अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर माइक्रो लेवल पर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए दिलीप पटेल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ का गहन अध्ययन किया जाए। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में बूथवार मिले मतों का विश्लेषण कर कमजोर बूथों को चिन्हित किया जाए। जिन बूथों पर पार्टी को अपेक्षाकृत कम मत प्राप्त हुए हैं, वहां विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि कमजोर बूथों पर प्रत्येक पदाधिकारी कम से कम दस नए परिवारों से निरंतर संपर्क स्थापित करें। इन परिवारों से संवाद करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा पार्टी की विचारधारा से उन्हें जोड़ने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों तक सीमित न रहे, बल्कि पदाधिकारी नियमित रूप से जनता के बीच पहुंचकर संवाद करें।

प्रदेश महामंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से संवाद के दौरान वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश की स्थिति और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आए बदलावों की चर्चा करें। पूर्व की सरकारों में बिजली र्दुव्यवस्था, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं और प्रदेश में व्याप्त अराजकता जैसे विषयों को जनता के सामने तथ्यों के साथ रखा जाए। साथ ही योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में हुए बदलाव और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया कि मजबूत बूथ के लिए माइक्रो लेवल पर कार्ययोजना तैयार करें और प्रत्येक बूथ की स्थिति का नियमित आकलन करें। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया गया।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत किया जा रहा है। कार्यकर्ता चुनावी तैयारियों को लेकर पूरी सक्रियता के साथ जुटें और प्रत्येक बूथ पर संगठन की मजबूती के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं।

इससे पहले पार्टी कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल का 51 किलो की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। विभिन्न बैठकों में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, क्षेत्रीय मंत्री काशीराम, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश सिंह, अच्छे लाल निषाद, शैलेन्द्र सिंह, परमानंद मिश्र, शिवेन्द्र सिंह, अरविंद सिंह, तिलकराम मौर्या, शशि प्रताप सिंह, बालकष्ण वैश्य, रीना द्विवेदी, हरभजन गौड, शिवम शुक्ला, प्रदीप यादव, रवि सिंह, मीडिया प्रभारी अमित मिश्र, मंडल अध्यक्ष कपिल देव वर्मा, हेमंत जायसवाल, मुकेश तिवारी, रवि सोनकर, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।