चित्तौड़गढ़, 27 मई । सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने पिछले 2-3 माह से शहर में रात के समय सूने मकानों के ताले तोड़ कर चोरी करने वाले दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित भीलवाड़ा के रहने वाले हैं और इन्होंने सदर एवं कोतवाली थाना क्षेत्र में कई चोरियां करना कबूल किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्रसिंह ने बताया कि 10 मई को प्रार्थी प्रदीप जैन निवासी बापू नगर सेंती ने सदर थाने में रिपोर्ट दी थी। अज्ञात बदमाशों ने उसके मकान से जेवरात व नगदी चुरा ली थी। इस पर प्रकरण दर्ज कर वारदात के खुलासे के लिए विशेष आसूचना टीम गठित की गई। एएसपी मुकुल शर्मा व डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेमसिंह के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए। भीलवाड़ा व चित्तौड़गढ़ के संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान टीम को जानकारी मिली कि दीपक लौहार व मोहित पहाड़िया निवासी भीलवाड़ा रात के समय नकबजनी की वारदात कर रहे हैं। निगरानी के बाद दोनों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर इन्हें डिटेन कर पूछताछ की गई। इसमें आरोपिताें ने वारदात करना कबूल किया। पुलिस ने इस पर भीलवाड़ा के सुभाषनगर थानांतर्गत मारुति नगर निवासी दीपक पुत्र उदयलाल लौहार तथा संजय कॉलोनी निवासी मोहित पहाड़िया पुत्र संजय पहाड़िया को गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें से अन्य वारदातों व बरामदगी के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपिताें ने पूछताछ में शहर में तीन वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपियों ने 9 मई को बापू नगर सेंती में मकान का ताला तोड़ कर जेवरात व नगदी चोरी, चार अप्रैल को पन्नाधाय कॉलोनी में मकान का ताला तोड़ कर चोरी तथा विद्या निकेतन स्कूल के पास गांधीनगर में मकान का ताला तोड़ कर चोरी की वारदात स्वीकार की।