हत्या के आरोपित डॉक्टर को बेटे के अंतिम संस्कार के लिए मिली अंतरिम जमानत

Spread the love

नई दिल्ली, 21 नवंबर । दिल्ली के साकेत कोर्ट ने घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में आरोपित डॉक्टर मनीष गुप्ता को 21 दिनों की अंतरिम जमानत दी है, ताकि वो अपने 19 वर्षीय बेटे का अंतिम संस्कार कर सके। एडिशनल सेशंस जज अनुज अग्रवाल ने अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया।

कोर्ट ने डॉक्टर मनीष गुप्ता को दस हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के एक जमानती के आधार पर रिहा करने का आदेश दिया। डॉक्टर मनीष गुप्ता के इकलौते बेटे पार्थ गुप्ता का 19 नवंबर को निधन हो गया था। सुनवाई के दौरान डॉ मनीष गुप्ता की ओर से पेश वकील ने कहा कि पिता होने के नाते अंतिम संस्कार करने और इस दुखद घड़ी में परिवार के साथ रहने के लिए उनकी उपस्थिति आवश्यक है।

दिल्ली पुलिस ने मनीष गुप्ता को घरेलू सहायिका मीना हलदार की हत्या के आरोप में 18 जून को ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। मीना हलदार करीब 16 साल से डॉक्टर मनीष गुप्ता के यहां काम कर रही थी और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

पुलिस द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट में डॉ. गुप्ता के 19 वर्षीय बेटे पार्थ गुप्ता को भी एक संदिग्ध के रूप में नामजद किया गया था। दिल्ली पुलिस ने सितंबर में साकेत कोर्ट में 300 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत आरोप लगाए गए हैं।