जयपुर, 27 मई । कुर्बानी का प्रमुख इस्लामिक पर्व ईद उल अजहा गुरुवार को पूरे धार्मिक उत्साह, अकीदत के माहौल में मनाया जाएगा। बुधवार को सभी प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों और मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में तैयारियां अंतिम रूप दिया गया। सुबह फर्ज की नमाज के बाद से ही विभिन्न मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा करने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
दिल्ली रोड स्थित ईदगाह में शहर की मुख्य नमाज सुबह 8 बजे अदा की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में नमाजी शामिल होंगे। वहीं जौहरी बाजार क्षेत्र में नमाज का समय सुबह 6:20 बजे निर्धारित किया गया है। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देंगे और अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआएं मांगेंगे। घर-घर में कुर्बानी की रस्म अदा की जाएगी। बुधवार को शहर की बकरा मंडियों में भी जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। मंडियों में अलवरी, जमनापरी, बरबरी, सिरोही, मारवाड़ी, शेखावाटी और परबतसरी नस्ल के बकरों की विशेष मांग रही। व्यापारी आकर्षक नस्लों और अलग-अलग वजन के बकरों के जरिए ग्राहकों को लुभाने में जुटे रहे।
शहर मुफ्ती मोहम्मद जाकिर नोमानी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई और सामाजिक संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें तथा जरूरतमंद और गरीब लोगों तक भोजन पहुंचाकर भाईचारे और बराबरी का संदेश दें।
वहीं चीफ काजी खालिद उस्मानी ने सभी नागरिकों से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस-प्रशासन को सूचित करें।