धर्मशाला, 06 सितंबर । कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर के साथ लगती सोल बनेहड़ पंचायत के झुंगा देवी में 24 करोड़ की लागत से राष्ट्र स्तरीय इंडोर खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। स्टेडियम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे खेल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा। साथ ही युवाओं में खेल प्रतिभा का निर्माण और निखार करने में मदद मिलेगी। जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के जालग में रविवार को छात्राओं की अंडर 19 जोनल स्तरीय खेल खूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए आयूष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम पहले जयसिंहपुर में बनाया जाना था लेकिन जमीन के आभाव में इसे अब झुंगा देवी में बनाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता में है इसी कड़ी में यह स्टेडियम भी विधानसभा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस स्टेडियम में 1 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था भी होगी।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाली छात्राओं को मिलेंगे 51 हजार
मंत्री ने घोषणा की कि इन खेल कूद प्रतियोगा से यदि कोई छात्रा राष्ट्र स्तर पर चयनित होती है तो उसे 51 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रशासन और स्थानीय जन प्रतिनिधियों के आग्रह पर जालग स्कूल के कला मंच का जीर्णोद्धार करने का आश्वासन भी दिया। साथ ही इस संबंध में प्राक्लन तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अगले माह मुख्यमंत्री विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं और इस दौरान विभिन्न मांगों को उनके समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
स्कूल प्रशासन की ओर से मंत्री को सम्मानित किया गया। उन्होंने मार्च पास्ट सहित अन्य गतिविधियों को हरी झंडी दिखाई। साथ ही प्रतियोगिताओं के शुभारंभ की घोषणा भी की। जोनल स्तर की इस खेल कूद प्रतियोगिता में करीब 25 स्कूल भाग ले रहे हैं।