आगरमालवा में 252 किलो से अधिक डोडाचूरा जब्त, मिनी ट्रक सहित एक आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

आगरमालवा, 14 अगस्त । मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर एक मिनी ट्रक को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन से 252.830 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिनी ट्रक में अवैध डोडाचूरा भरकर आगरमालवा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आगरमालवा-उज्जैन मार्ग पर कृषि विज्ञान केंद्र के सामने नाकाबंदी की।

मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और वाहन की पहचान के आधार पर संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया 252.830 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से रामेश्वर पिता कैलाश चंद्रवंशी, निवासी ग्राम लसूलड़ी, जिला आगरमालवा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 12 लाख 64 हजार 150 रुपये बताई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक, जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये, तथा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 16 हजार रुपये है, भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 17 लाख 80 हजार 150 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।

पुलिस ने मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 0451/2026 दर्ज कर धारा 8/15 एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण कायम किया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

पुलिस आरोपित से डोडाचूरा के स्रोत, इसके परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।