कार से 60 लाख का गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

एक कार से 121 किलो गांजा बरामद किया गया है।

इसकी कीमत 60 लाख रुपये है।

गांजा को ओडिशा से हरिहरगंज ले जाया जा रहा था। इस सिलसिले में जिले के सतबरवा इलाके के दो तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। एसपी कपिल चौधरी ने बुधवार शाम पांच बजे बताया कि सतबरवा पुलिस ने मंगलवार रात गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की कार रोककर तलाशी ली, जिसमें डिक्की और आगे की सीट के नीचे छिपाकर ले जाये जा रहे 117 पैकेट में 121 किलो गांजा मिला।

मौके से दो मोबाइल और दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुए।

पुलिस ने मामले में सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू (25) और शम्भू कुमार यादव (30) को गिरफ्तार किया है। शंभू हरिहरगंज में सीएसपी संचालक है, जबकि सनोज ड्राइवरी का काम करता है।

मामले में सतबरवा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर दोनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।