खूंटी, 15 सितंबर । आदिवासी कांग्रेस कमेटी के बैनर तले मंगलवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय जिला कार्यालय में पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष गोष्ठी और बैठक आयोजित की गई। आयोजकों ने इसे झारखंड में आदिवासी कांग्रेस की ओर से पेसा कानून को लेकर पहली पहल बताया।
बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी प्रकोष्ठ की कोऑर्डिनेटर दयामनी बारला, जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज उरांव, प्रदेश संगठन महासचिव सुनीत शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता और विधानसभा प्रभारी हिमांशु उपस्थित रहे। अध्यक्षता आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो और जिला कार्यकारी अध्यक्ष एलेक्सियूस परधिया ने संयुक्त रूप से की।
गोष्ठी में जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि पेसा कानून अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय के जल, जंगल, जमीन और स्वशासन से जुड़े अधिकारों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कानून है। झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में इसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर जोर देते हुए वक्ताओं ने कहा कि ग्राम सभाओं को अधिकार संपन्न बनाना जरूरी है।
बैठक में पेसा कानून के नियमों को झारखंड में अविलंब लागू कराने के लिए सरकार से आग्रह करने, पंचायत स्तर तक जागरूकता अभियान चलाने और राज्य के सभी जिलों में इसी तरह की गोष्ठियां आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
मौके पर बसंत बालमुचू, रोयल बाखला, संदीप सांगा, अल्बर्ट होरो, भीमसेन्ट लोहरा, विनशाय मुंडा, जोसेफ होरो, ईन्दुआन्ना हस्सा, जयसिंह मुंडा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
———