शादी के 13 वें दिन नवविवाहिता का फंदे पर लटका मिला शव

Spread the love

पलामू, 06 जून । शादी के 13वें दिन नवविवाहिता का फंदे पर लटका शव बरामद किया गया। यह घटना पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भेज दिया।

शनिवार को मेडिकल बोर्ड गठित कर शव का पोस्टमार्टम किया गया। मामले में लड़की के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना में हत्या का आरोप लगाया है और न्याय की गुहार लगायी है। पोस्टमार्टम के समय एमएमसीएच में भीम आर्मी एकता मिशन के कई कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने घटना की निंदा की।

जानकारी के अनुसार नौडीहा बाजार के कोरामी की खुशबू कुमारी की शादी 24 मई 2026 को नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में श्रवण कुमार से हुई थी। शादी बिना तिलक दहेज के हुई थी, लेकिन विवाह के बाद बाइक की मांग की जानी लगी थी। खुशबू को प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी बीच सुबह में खुशबू कुमारी का शव फंदे पर लटका मिला। भाई रविन्द्र कुमार ने एमएमसीएच में घटना की पूरी जानकारी दी और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर न्याय की गुहार लगायी।