मृतक युवक की पहचान शिवपुरी निवासी योगेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व योगेश के छोटे भाई की हत्या हुई थी, लेकिन इस मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न्याय न मिलने के कारण पूरा परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में था।
मृतक के पिता तीतू मंडल ने बताया कि छोटे बेटे की हत्या के मामले में लगातार पुलिस और प्रशासन के चक्कर लगाने के बावजूद कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। इसी पीड़ा और मानसिक दबाव के चलते योगेश ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर स्थित छठ तालाब मोड़ के पास मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुराने हत्याकांड के आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जाम के कारण शहर में कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करती रही।
अंततः पुलिस द्वारा मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने शव हटाया और सड़क जाम समाप्त किया। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।———–